कौशाम्बी : बेसिक शिक्षा विभाग के निर्देशन में विकासखंड सरसवां के प्राथमिक विद्यालय खरौना में स्कूल चलो अभियान के साथ यूथ एंड इको क्लब के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, स्वच्छता व जीवन कौशल पर आधारित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को स्वच्छ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण बचाने और अधिक से अधिक पौधरोपण करने का संदेश दिया गया।
यूथ एंड इको क्लब की नोडल शिक्षिका आकांक्षा पांडे ने बच्चों को प्रतिदिन साफ-सफाई रखने, व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने और स्वस्थ रहने के लिए जागरूक किया। शिक्षक संकुल अंकित श्रीवास्तव ने पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प दिलाया।
वरिष्ठ सहायक अध्यापक रविशंकर दुबे ने बच्चों की टोली बनाकर कार्यक्रम की शुरुआत कराई, जबकि शिक्षामित्र कल्पना ने विद्यार्थियों को जीवन कौशल, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी राजीव प्रताप सिंह के निर्देशन में प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार मिश्रा ने किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की सीख देने का भी माध्यम है।
स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत शिक्षकों की टीम ने गांव के मोहल्लों में भ्रमण कर अभिभावकों को बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा।
इस अवसर पर शिक्षकों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि "एक पौधा केवल आज की हरियाली नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य की उम्मीद है।" हरियाली से समृद्ध उत्तर प्रदेश बनाने के लिए सभी को पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सहभागिता निभानी चाहिए।
