Education
🔴 Breaking

स्कूल चलो अभियान की जन -जागरूकता रैली को हरी झंडी, शत प्रतिशत नामांकन पर दिया गया जोर

राजेश सिंह सेंगर, कल्पना सोनकर व पूजा पाल ने किया शुभारंभ, बीएसए ने अभिभावकों से बच्चों का नामांकन कराने की अपील की

22 views

कौशाम्बी:जनपद में संचालित द्वितीय चरण के "स्कूल चलो अभियान 2026-27" के अंतर्गत बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर से जन-जागरूकता रैली का शुभारंभ किया गया। उत्तर प्रदेश गौसेवा आयोग के सदस्य राजेश सिंह सेंगर, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर तथा चायल विधायक पूजा पाल ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल एवं मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी सहित प्रशासन और बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

रैली के माध्यम से लोगों को 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों का विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित कराने तथा शिक्षा के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया गया। रैली में शामिल शिक्षक, शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां व बैनर लेकर शिक्षा के महत्व का संदेश देते हुए आगे बढ़े।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेन्द्र कुमार कुशवाहा ने कहा कि स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य जनपद के प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना और उसे निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और इसे सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि अभिभावक अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं, तो उन्हें समय पर विद्यालय में प्रवेश अवश्य दिलाएं।

उन्होंने बताया कि शासन द्वारा संचालित परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्कूल बैग, मध्याह्न भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्मार्ट क्लास तथा प्रशिक्षित शिक्षकों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जैसी अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। विद्यालयों में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद, सांस्कृतिक एवं सहशैक्षिक गतिविधियों को भी लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।

बीएसए डॉ. कुशवाहा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए शिक्षक घर-घर संपर्क कर अभिभावकों को जागरूक करेंगे और विद्यालयों में प्रवेश के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। इसलिए सभी अभिभावक अपने निकटतम परिषदीय विद्यालय में बच्चों का नामांकन कराकर उन्हें बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर करें।