Education
🔴 Breaking

' स्कूल चलो' अभियान को रफ्तार देने के निर्देश, शिक्षा से वंचित न रहे कोई बच्चा

जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में डीएम ने नामांकन, निपुण तालिका, अपार आई डी और विद्यालयों की साफ सफाई पर दिया जोर

31 views

कौशांबी : जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने बुधवार को उदयन सभागार में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक कर शिक्षा विभाग की योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और सभी खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूल चलो अभियान के तहत अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन विद्यालयों में कराया जाए और कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहने पाए।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय की सभी कक्षाओं में निपुण तालिका अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए और उसे नियमित रूप से अपडेट रखा जाए। उन्होंने विद्यालयों में अनुशासन बनाए रखने, बच्चों से कार्य पुस्तिकाएं भरवाने तथा अपार आईडी के कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को सफाई कर्मियों के माध्यम से विद्यालयों और उनके परिसरों की बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को अधीक्षण अभियंता विद्युत से समन्वय स्थापित कर अवशेष विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों को शीघ्र शिफ्ट कराने की कार्रवाई पूरी करने को कहा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी सहित शिक्षा विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।