Education
🔴 Breaking

स्कूल चलो अभियान में गूंजे शिक्षा के नारे, नामांकन बढ़ाने पर बीईओ ने दिया जोर

मूरतगंज के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय कसिया प्रथम में निकली जागरूकता शैली

13 views

कौशांबी : स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत बुधवार को विकासखंड मूरतगंज के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय कसिया पूर्व द्वितीय व प्राथमिक विद्यालय कसिया पूर्व प्रथम के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। रैली में शामिल बच्चों ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर गांव की गलियों में भ्रमण किया और लोगों से अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने की अपील की।

रैली के दौरान "कोई न छूटे अबकी बार, शिक्षा है सबका अधिकार", "आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे" व "घर-घर शिक्षा का संदेश, हर बच्चा पहुंचे विद्यालय विशेष" जैसे नारों से पूरा गांव गुंजायमान हो उठा। बच्चों के उत्साह और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी ने ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया।

इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी मूरतगंज हिना सिद्दीकी ने विद्यालय पहुंचकर शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे गांव-गांव जाकर अभिभावकों से संपर्क करें और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। साथ ही छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण व रुचिकर शिक्षा उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया।

उन्होंने शिक्षकों से निपुण भारत मिशन के अंतर्गत निपुण तालिका में नवीनतम प्रगति दर्ज करने, प्रेरणा पोर्टल पर लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और विद्यालयों में शैक्षिक वातावरण को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में आलोक द्विवेदी, मारुति नंदन त्रिपाठी, राजकेसर मिश्रा, कुलदीप, सुनील सिंह, ममता सिंह, रिजवाना, मिथिलेश, पीयूष पांडे, गीतांजलि, रोमा सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।