कौशाम्बी: परिषदीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब के प्रभावी प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए जिले के तीन शिक्षकों को राज्य स्तरीय संदर्भदाता प्रशिक्षण के लिए नामित किया गया है। यह प्रशिक्षण 10 से 12 अगस्त तक लखनऊ स्थित दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान में आयोजित किया जाएगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कमलेन्द्र कुमार कुशवाहा की ओर से जारी आदेश के अनुसार, प्रशिक्षण में पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय रक्सराई प्रथम, विकास खंड कौशांबी के सहायक अध्यापक संतलाल दिवाकर, कंपोजिट विद्यालय केसरिया, विकास खंड कड़ा के सहायक अध्यापक प्रभाकांत माली तथा प्राथमिक विद्यालय इच्छना, विकास खंड नेवादा के सहायक अध्यापक अर्पित कुमार गुप्ता प्रतिभाग करेंगे।
प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम छह बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यालयों में आईसीटी लैब के बेहतर उपयोग तथा स्मार्ट क्लास के माध्यम से प्रभावी और तकनीक आधारित शिक्षण को बढ़ावा देना है। राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चयनित शिक्षकों को राज्य स्तरीय संदर्भदाता के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है।
बीएसए ने तीनों शिक्षकों को निर्धारित तिथि और समय पर प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचकर अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण में प्रतिभाग करने के निर्देश दिए हैं। प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी के लिए राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा के विशेषज्ञ अमित कुमार राय से संपर्क करने को कहा गया है।
