Education
🔴 Breaking

स्नातक निर्वाचन के चलते 23 अक्टूबर को स्कूलों में अवकाश

प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के सभी बोर्ड के विद्यालय रहेंगे बंद, डीआईओएस ने जारी किया आदेश

761 views

कौशांबी : इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र उत्तर प्रदेश विधान परिषद के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के दृष्टिगत जिले के सभी विद्यालयों में 23 अक्टूबर को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक संचालित सभी विद्यालय बंद रहेंगे।

जारी आदेश में बताया गया है कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पत्र के क्रम में विशेष आकस्मिक अवकाश की सुविधा प्रदान किए जाने के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है। इसके तहत जिले के सभी परिषदीय, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ ही सीबीएसई, आईसीएसई व अन्य बोर्ड से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में भी 23 अक्टूबर को अवकाश रहेगा।

जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और प्रधानाचार्याओं को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्र में आदेश का कड़ाई से पालन कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।