Education
🔴 Breaking

संकुल बैठकें बनेंगी शिक्षण गुणवत्ता सुधार का सशक्त मंच

मूरतगंज की 10 न्याय पंचायतों में तय एजेंडे के तहत बैठक कराने पर जोर, टीएलएम, डिकोडिंग व स्थानीय मान शिक्षण पर विशेष

36 views

कौशाम्बी : बेसिक शिक्षा में शिक्षण गुणवत्ता सुधार और कक्षा-कक्ष में प्रभावी शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकास खंड मूरतगंज में एलएलएफ टीम की ओर से कार्यशाला आयोजित की गई। आगामी शिक्षक संकुल बैठकों को अधिक प्रभावी और परिणाममूलक बनाने के लिए एलएलएफ टीम, ब्लॉक टीम, एआरपी और नोडल शिक्षक संकुलों ने संयुक्त रूप से कार्ययोजना तैयार की। विकास खंड की सभी 10 न्याय पंचायतों में गुणवत्तापूर्ण संकुल बैठकों के संचालन पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यशाला में सभी 10 न्याय पंचायतों के नोडल शिक्षक संकुलों और पांचों एआरपी के साथ बैठक कर संकुल बैठकों को निर्धारित एजेंडे के अनुसार संचालित करने पर चर्चा की गई। शिक्षकों को कक्षा-शिक्षण में अपनाई जा रही श्रेष्ठ पद्धतियों को साझा करने तथा आपसी अनुभवों से सीखने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे विद्यालयों में 'नॉलेज शेयरिंग' की संस्कृति विकसित हो सके।

टीएलएम आधारित शिक्षण पर जोर

कार्यशाला में व्यवस्थित डिकोडिंग, स्थानीय मान शिक्षण और शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम) आधारित शिक्षण विधियों पर विशेष जोर दिया गया। टीम ने कहा कि इन गतिविधियों को कक्षा-कक्ष में प्रभावी ढंग से लागू करने से बच्चों की बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

एलएलएफ के जिला अकादमिक समन्वयक राजू लाल और ब्लॉक अकादमिक समन्वयक दीपक कुमार ने संकुल बैठकों की कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में एआरपी नरेश कुमार, प्रशांत त्रिपाठी, व्योमेश मिश्र, शशिकला, नोडल शिक्षक संकुल विभा शर्मा, भार्गव यादव, शीलेंद्र मिश्र, आस्था साहू और अवधेश कुमार सिंह सहित अन्य नोडल शिक्षक संकुल मौजूद रहे। ब्लॉक संसाधन केंद्र से आलोक द्विवेदी, दिलीप कुमार वर्मा, जिशान मतलूब और धर्मेंद्र मौर्य ने भी सहभागिता की।

एलएलएफ एवं ब्लॉक टीम ने कहा कि संकुल बैठकें केवल औपचारिकता तक सीमित न रहकर शिक्षकों के शिक्षण कौशल के उन्नयन, अनुभव साझा करने और वैचारिक आदान-प्रदान का सशक्त मंच बननी चाहिए।