Others
🔴 Breaking

संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम व एसपी ने सुनी 43 फ़रियादें

तहसील चायल में अधिकारियों को दिए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश, राजस्व मामलों में संयुक्त टीम भेजने का आदेश

6 views

कौशाम्बी: जनपद की सभी तहसीलों में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील चायल में जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल और पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने राजस्व से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर मामलों के निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तहसील दिवस में प्राप्त होने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और कोई भी प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रहने पाए।

डीएम ने विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित प्रार्थना पत्रों पर अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों के ऑनलाइन आवेदन कराकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए।

तहसील चायल में कुल 43 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से एक शिकायत का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। वहीं तहसील मंझनपुर में 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें तीन का मौके पर निस्तारण हुआ। तहसील सिराथू में 73 शिकायतें आईं, जिनमें से पांच शिकायतों का निस्तारण तत्काल कर दिया गया।