कौशाम्बी: चायल विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय सुधवर में छात्र की मृत्यु के बाद विद्यालय के समस्त स्टाफ के निलंबन के मामले में शनिवार को राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. कमलेंद्र कुशवाहा से मुलाकात कर निलंबित शिक्षकों की शीघ्र बहाली की मांग की। महासंघ ने इस संबंध में बीएसए को ज्ञापन भी सौंपा।
महासंघ के जिला संयोजक ओम दत्त त्रिपाठी ने कहा कि 29 जुलाई को ग्रामीणों द्वारा विद्यालय परिसर में छात्र का शव रखकर प्रदर्शन किए जाने के बाद बिना विस्तृत जांच के पूरे विद्यालय स्टाफ को निलंबित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्र के शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट न मिलने व मृत्यु का कारण निमोनिया से उत्पन्न चिकित्सीय जटिलता बताया गया है। ऐसे में जांच पूरी होने से पहले शिक्षकों के विरुद्ध की गई कार्रवाई एकतरफा प्रतीत होती है, जिससे बेसिक शिक्षकों की छवि प्रभावित हुई है।
जिला सहसंयोजक बाल चंद्र ने कहा कि किसी भी कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई तथ्यों और निष्पक्ष जांच के आधार पर ही की जानी चाहिए। उन्होंने निलंबित शिक्षकों को तत्काल बहाल करने की मांग करते हुए कहा कि इससे शिक्षकों का मनोबल भी बना रहेगा।
इस पर बीएसए डॉ. कमलेंद्र कुशवाहा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले में आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी और बहाली की प्रक्रिया में विलंब नहीं होने दिया जाएगा।
इस दौरान सहसंयोजक अवनीश मिश्र, अजय कुमार सिंह, ज्ञानेश मिश्र तथा भूपेंद्र कुमार सिंह सहित महासंघ के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
