कौशाम्बी: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केमिस्ट एसोसिएशन कौशांबी की ओर से सिराथू कस्बे में भव्य ध्वजारोहण एवं स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारी, सदस्य और जिलेभर के दवा व्यवसायी शामिल होंगे।
संगठन के जिलाध्यक्ष बालाजी केशरवानी व महामंत्री अचिन केशरवानी ने बताया कि समारोह की मुख्य अतिथि औषधि निरीक्षक कौशांबी माधुरी सिंह होंगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्राधिकारी सिराथू सत्येंद्र प्रसाद तिवारी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद राष्ट्रगान होगा। इसके बाद देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
इसके उपरांत संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इसमें संगठन की एकजुटता, दवा व्यवसायियों के हितों की रक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। पदाधिकारियों ने बताया कि एसोसिएशन का सदस्यता अभियान अंतिम चरण में है। उन्होंने जिले के शेष दवा व्यवसायियों से शीघ्र सदस्यता ग्रहण कर संगठन को मजबूत बनाने की अपील की है। पदाधिकारियों का कहना है कि दवा व्यवसायियों की समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए संगठन की एकजुटता बेहद जरूरी है।
