Others
🔴 Breaking

तहसील सिराथू के दोनों प्रवेश द्वारों से पहले बनेंगे स्पीड ब्रेकर

बार एसोसिएशन की मांग पर एसडीएम ने पीडब्ल्यूडी को भेजा प्रस्ताव, दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की पहल

103 views

कौशाम्बी: तहसील सिराथू के सामने सैनी-सिराथू-धाता मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उप जिलाधिकारी प्रमेश श्रीवास्तव ने लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) को दोनों मुख्य प्रवेश द्वारों से पहले सड़क पर मानक के अनुरूप स्पीड ब्रेकर बनवाने का प्रस्ताव भेजा है। साथ ही जिलाधिकारी को भी पत्र की प्रति भेजकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया गया है।

एसडीएम ने बताया कि तहसील परिसर के उत्तरी और दक्षिणी दोनों मुख्य प्रवेश द्वार सीधे सैनी-सिराथू-धाता मार्ग से जुड़े हैं। इस व्यस्त मार्ग पर दिनभर हल्के और भारी वाहनों का आवागमन रहता है। वहीं अधिवक्ता, वादकारी और अन्य फरियादी भी इसी रास्ते से तहसील परिसर में आते-जाते हैं, जिससे सड़क पर लगातार भीड़ बनी रहती है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में मार्ग पर गति अवरोधक नहीं होने के कारण तेज रफ्तार वाहनों से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इस संबंध में तहसील सिराथू बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एसडीएम से मिलकर दोनों प्रवेश द्वारों के पहले स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) को पत्र भेजकर नियमानुसार गति अवरोधक निर्माण कराने का अनुरोध किया है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को प्रभावी ढंग से कम किया जा सके।