कौशाम्बी। अटेवा जिला कार्यालय मंझनपुर में बुधवार को जिला संयोजक कुशल सिंह की अध्यक्षता में पदाधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक का संचालन जिला महामंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने किया। इसमें 21 अगस्त को प्रस्तावित तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और इसे सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई।
बैठक में सदस्य संपर्क अभियान, जनजागरण, प्रचार-प्रसार तथा अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। संगठन के पदाधिकारियों ने जनपद के शिक्षक-शिक्षिकाओं और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में तिरंगा यात्रा में शामिल होने की अपील की।
वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से सरकार तक पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने की मांग को प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा। उनका कहना था कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और भविष्य की गारंटी है। कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित होने पर वे अधिक निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।
बैठक में अटेवा पदाधिकारियों ने सभी कर्मचारी संगठनों से 21 अगस्त की तिरंगा यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा पुरानी पेंशन बहाली के आंदोलन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक में संगठन मंत्री इकबाल अली, विनोद यादव, जिला कोषाध्यक्ष धीरज यादव, आय-व्यय निरीक्षक राजकुमार, जिला कोष सहायक यतेंद्र सिंह, जिला आईटी सेल प्रभारी आशीष कुमार सिंह, प्रमोद गुप्ता, रोहित सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
