कौशाम्बी: विकासखंड चायल के कंपोजिट विद्यालय चलौली में सोमवार को छात्र-छात्राओं को टाई, बेल्ट और पहचान पत्र (आई-कार्ड) वितरित किए गए। विद्यालय के प्रधानाध्यापक डा. सुभाष चंद्र यादव ने बच्चों को सामग्री वितरित की।
टाई-बेल्ट पहनकर और गले में आई-कार्ड सजाकर बच्चे उत्साहित नजर आए। अपने नए रूप में बच्चे काफी खुश दिखाई दिए और उनके चेहरे खिल उठे। विद्यालय परिसर में बच्चों में टाई-बेल्ट और आई-कार्ड को लेकर खासा उत्साह रहा।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक ने कहा कि अनुशासन और स्वच्छता उत्कृष्ट शिक्षा की पहली सीढ़ी है। टाई, बेल्ट और आई-कार्ड बच्चों में अनुशासन की भावना विकसित करने के साथ ही उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से परिषदीय विद्यालयों के बच्चों में भी कान्वेंट स्कूलों जैसी सकारात्मक सोच और गौरव की भावना विकसित होती है। बच्चों को विद्यालय की निर्धारित वेशभूषा में नियमित रूप से आने और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया गया।
