कौशाम्बी : टीचर्स प्रीमियर लीग (टीपीएल) के तहत रविवार को विद्या भारती स्टेडियम इमली गांव और जिला स्टेडियम टेवा में क्रिकेट के रोमांचक मुकाबले खेले गए। दोनों मैदानों पर टीमों के बीच जीत के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला। मूरतगंज सनराइजर्स ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य महज 4.4 ओवर में हासिल कर लिया, वहीं चायल की टीम ने मंझनपुर फाइटर को शिकस्त दी। सिराथू वॉरियर्स की ओर से मनोज ने 125 रनों की शानदार पारी खेलकर दर्शकों का ध्यान खींचा। टेवा स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स मंझनपुर और सरसवां की टीमों ने भी अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की।
विद्या भारती स्टेडियम इमली गांव में खेले गए पहले मुकाबले में मूरतगंज सनराइजर्स के कप्तान मारुति नंदन त्रिपाठी ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी मंझनपुर की टीम 12 ओवर में आठ विकेट खोकर 70 रन ही बना सकी। जवाब में मूरतगंज सनराइजर्स ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 4.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए अवधेश कुशवाहा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में चायल की टीम ने मंझनपुर फाइटर को 38 रन से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चायल ने 137 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मंझनपुर फाइटर की टीम 99 रन ही बना सकी। चायल की जीत में रघुनाथ द्विवेदी की अहम भूमिका रही। उन्होंने 79 रनों की शानदार पारी खेली, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
तीसरे मुकाबले में सिराथू वॉरियर्स ने मूरतगंज की टीम को 32 रन से हराया। सिराथू की ओर से मनोज ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 125 रन बनाए। उनकी इस शानदार पारी के दम पर टीम ने मुकाबले में मजबूत स्थिति बनाई। मनोज को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। हालांकि मूरतगंज की टीम पहले ही सेमीफाइनल में प्रवेश कर चुकी है।
टेवा स्टेडियम में भी दिखा रोमांच
जिला स्टेडियम टेवा में पहला मुकाबला नेवादा और रॉयल चैलेंजर्स मंझनपुर के बीच खेला गया। नेवादा की टीम ने 12 ओवर में 118 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स मंझनपुर की टीम ने 10.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर छह विकेट से जीत दर्ज की।
दूसरे मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स मंझनपुर ने सिराथू चैंपियंस को छह विकेट से हराया। सिराथू चैंपियंस ने निर्धारित 12 ओवर में 124 रन बनाए। जवाब में रॉयल चैलेंजर्स मंझनपुर ने 129 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
दिन का अंतिम मुकाबला साइलेंट स्ट्राइकर्स सरसवां और सिराथू चैंपियंस के बीच खेला गया। सिराथू चैंपियंस ने 12 ओवर में 88 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सरसवां की टीम ने 8.1 ओवर में ही इसे हासिल कर लिया और नौ विकेट से शानदार जीत दर्ज की। टीपीएल के मुकाबलों में खिलाड़ियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन के साथ टीमों के बीच बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल देखने को मिला।
