Sports
🔴 Breaking

टीपीएल के पहले मुकाबले में कड़ा सुपरकिंग्स की शानदार जीत

सिराथू चैंपियंस को पांच विकेट से हराया, 62 रन का लक्ष्य 5.5 ओवर में किया हासिल

53 views

कौशाम्बी:जिला स्टेडियम मंझनपुर टेवा में रविवार को टीचर्स प्रीमियर लीग (टीपीएल) के पांचवें संस्करण के पहले मुकाबले में कड़ा सुपरकिंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिराथू चैंपियंस को पांच विकेट से पराजित किया। कड़ा की टीम ने 62 रन के लक्ष्य को महज 5.5 ओवर में हासिल कर टूर्नामेंट का विजयी आगाज किया।

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी सिराथू चैंपियंस की टीम कड़ा सुपरकिंग्स के गेंदबाजों के सामने बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। पूरी टीम निर्धारित 10 ओवर में 61 रन बनाकर आलआउट हो गई। चंद्र किशोर ने 15 गेंदों में नाबाद 20 रन बनाए। अवनीश मिश्रा ने 10 गेंदों पर 11 और विकास ने छह गेंदों पर आठ रन का योगदान दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कड़ा सुपरकिंग्स ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। सलामी बल्लेबाज अभिषेक सिंह ने महज 16 गेंदों पर 41 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी पारी में पांच चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उन्होंने 256.25 के शानदार स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। गेंदबाजी में ऑलराउंडर राहुल सिंह ने तीन ओवर में चार विकेट लेकर सिराथू चैंपियंस की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

कड़ा सुपरकिंग्स ने 5.5 ओवर में पांच विकेट खोकर 62 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ कड़ा सुपरकिंग्स ने टीपीएल के पांचवें संस्करण में विजयी शुरुआत की।