Crime
🔴 Breaking

उड़ीसा से आ रही एक कुंतल गांजे की खेप पकड़ी, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

कोखराज टोल प्लाजा के पास पुलिस व एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, 50 लाख रुपये का गांजा और लग्जरी कार बरामद

60 views

कौशाम्बी: अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कौशाम्बी पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) प्रयागराज इकाई ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से गांजे की खेप लेकर जा रहे दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपितों के कब्जे से करीब एक कुंतल (100 किलोग्राम) गांजा, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है, तथा तस्करी में प्रयुक्त एक लग्जरी कार बरामद की गई।

पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने प्रेसवार्ता में बताया कि एएनटीएफ प्रयागराज और कोखराज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कोखराज टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से एक कुंतल अवैध गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान फतेहपुर जिले के हथगांव थाना क्षेत्र के कुठली गांव निवासी अयान उर्फ गयासु पुत्र एजाज अहमद तथा राहुल कुमार पुत्र रमेश के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों उड़ीसा से गांजे की खेप लेकर उत्तर प्रदेश में आपूर्ति करने जा रहे थे।

एसपी ने बताया कि दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।