कौशांबी: मूरतगंज के कंपोजिट विद्यालय उजिहिनी खालसा में शनिवार को सितंबर माह का पहला नो बैग डे उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस दौरान बच्चों ने पाठ्य पुस्तकों से विरत होकर विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। इससे विद्यालय का वातावरण आनंदमय और तनावमुक्त बना रहा।
प्रातःकालीन सभा में बच्चों को योगाभ्यास और प्राणायाम कराया गया। खेल शिक्षिका कीर्ति यादव ने योग व प्राणायाम के महत्व व शरीर पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों के बारे में बच्चों को जानकारी दी। इसके बाद जल संरक्षण व वर्षा जल संचयन से संबंधित गतिविधियां कराई गईं। दूसरे सत्र में बच्चों ने मृदा परीक्षण और कृषि विज्ञान से जुड़ी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
विज्ञान शिक्षिका स्वर्णालता हजारी ने बच्चों को जैविक खेती व प्राकृतिक कृषि के बारे में जानकारी देते हुए इसके लाभ बताए। साथ ही कीटनाशक रसायनों के अत्यधिक प्रयोग से होने वाले नुकसान के प्रति भी बच्चों को जागरूक किया। गणित शिक्षक संदीप कुमार शर्मा ने बच्चों के साथ विभिन्न खेल गतिविधियों में हिस्सा लिया। उन्होंने बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन भी ग्रहण किया।
विद्यालय में आयोजित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने सीखने के साथ मनोरंजन का भी आनंद लिया। पूरे दिन बच्चे बिना किसी शैक्षणिक दबाव के उत्साह और उमंग के साथ गतिविधियों में शामिल रहे।
