कौशाम्बी : परिषदीय विद्यालयों में आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्र के मेधावी बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने का सुनहरा अवसर अब समाप्त होने वाला है। विद्याज्ञान स्कूल की प्रारंभिक लिखित प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित की गई है। ऐसे में पंजीकरण के लिए अब महज एक दिन शेष है। कौशांबी जनपद से अब तक 3928 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश के लिए आनलाइन आवेदन किया है। इसके बावजूद अधिक से अधिक पात्र बच्चों तक इस अवसर को पहुंचाने के लिए अंतिम दिन विशेष प्रयास की जरूरत है।
विद्याज्ञान स्कूल का संचालन शिव नादर फाउंडेशन की ओर से किया जाता है। इसमें चयनित मेधावी विद्यार्थियों को संस्था की ओर से निश्शुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है। वर्तमान में कक्षा पांच में पढ़ रहे छात्र-छात्राएं प्रवेश प्रक्रिया के लिए पात्र हैं। प्रारंभिक लिखित परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।
पंजीकरण की अंतिम तिथि पहले निर्धारित समय से बढ़ाकर 31 अक्टूबर 2026 कर दी गई है। ऐसे में अभिभावकों, शिक्षकों और संबंधित अधिकारियों के पास पात्र बच्चों का आवेदन कराने के लिए अब केवल एक दिन बचा है। ग्रामीण क्षेत्रों में कक्षा पांच के विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को इसकी जानकारी देकर तत्काल आनलाइन पंजीकरण कराने की जरूरत है, ताकि कोई भी मेधावी बच्चा जानकारी के अभाव में निश्शुल्क और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के इस अवसर से वंचित न रह जाए।