बीआरसी क्षेत्र के पल्हाना कछार स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को बड़ा हादसा टल गया। कक्षा 8 के कमरे की छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आकर दो छात्राएं घायल हो गईं।
घायलों में नौगिरा निवासी दिनेश कुमार की 14 वर्षीय पुत्री खुशी तथा पंचम लाल की 13 वर्षीय पुत्री संजना शामिल हैं। घटना के बाद विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षिका अनीता ने दोनों छात्राओं को अपने वाहन से मूरतगंज के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया। उपचार के बाद दोनों छात्राओं को उनके घर भेज दिया गया।
घटना के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में शिक्षा विभाग के प्रति नाराजगी है। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से समझौता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने मांग की है कि विद्यालय भवन की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए, जर्जर कक्षों को तत्काल बंद किया जाए, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए तथा मरम्मत पूरी होने तक बच्चों की पढ़ाई सुरक्षित कक्षों या वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कराई जाए। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी मूरतगंज हिना सिद्दीकी ने कहा कि घटना की जानकारी नहीं है।