Education
🔴 Breaking

विद्यालय की व्यवस्थाएं संभाल एक दिन की प्रधानाध्यापिका बनीं तन्वी दिवाकर

मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत छात्रा ने शिक्षकों से ली शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी, स्वच्छता व उपस्थिति सुधार पर किया मंथन

35 views

कौशाम्बी : मिशन शक्ति फेज 6.0 के अंतर्गत मंगलवार को कंपोजिट विद्यालय उजिहिनी खालसा, विकासखंड मूरतगंज में कक्षा सात की छात्रा तन्वी दिवाकर को एक दिन की प्रधानाध्यापिका बनाया गया। इस दौरान तन्वी ने विद्यालय की शैक्षिक व प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली और शिक्षकों के साथ विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की।

तन्वी ने कक्षाध्यापकों से प्रेरणा पोर्टल, यू-डायस, डीबीटी के तहत विद्यार्थियों के फोटो अपलोड करने की स्थिति और प्रतिदिन की उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज करने की जानकारी ली। साथ ही मिशन शक्ति के तहत पूर्व दिवस में आयोजित कार्यक्रमों, विद्यार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से धनराशि भेजे जाने की स्थिति और जवाहर नवोदय विद्यालय व राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की।

उन्होंने विद्यालय में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने और विद्यार्थियों की कम उपस्थिति की समस्या दूर करने के लिए शिक्षक-शिक्षिकाओं से विचार-विमर्श किया। साथ ही विद्यालय के संचालन और व्यवस्थाओं में सभी की सहभागिता पर जोर दिया।

एक दिन की प्रधानाध्यापिका बनकर तन्वी काफी उत्साहित नजर आईं। इस पहल से उनमें नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना विकसित हुई। साथ ही भविष्य में उच्च पद पर पहुंचकर परिवार, गांव और देश की सेवा करने की प्रेरणा मिली। इस अवसर पर शिक्षक संदीप कुमार शर्मा, कीर्ति यादव, स्वर्णलता हजारी, फातिमा तुज जोहरा, जागृति सिंह सहित अन्य शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।