कौशाम्बी : परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त करने और बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को बीआरसी सभागार कड़ा में प्रधानाध्यापकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार उमराव ने विद्यालयवार बिंदुवार समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। बैठक में शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विद्यालयों में सुधार करने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के बैठने के लिए साफ-सुथरी टाट-पट्टी व दरी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा । ब्लैक बोर्ड और व्हाइट बोर्ड के लिए पर्याप्त मात्रा में चाक, मार्कर व डस्टर उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्ग और व्यस्त मार्गों के निकट स्थित विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नामित शिक्षकों को स्कूल आने-जाने के दौरान सुरक्षित सड़क पार कराने की जिम्मेदारी निभाने को कहा गया।
बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों को विद्यालय अवधि समाप्त होने के बाद घर-घर जाकर अनुपस्थित विद्यार्थियों के अभिभावकों से संवाद करने के निर्देश दिए गए। एक सप्ताह के भीतर विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) और शिक्षक-अभिभावक बैठक आयोजित कर डीबीटी से मिली धनराशि से बच्चों के लिए यूनिफॉर्म खरीदने और उन्हें निर्धारित गणवेश में विद्यालय भेजने के लिए अभिभावकों को प्रेरित करने पर जोर दिया गया। विद्यालयों में बच्चों की स्वच्छता और व्यक्तित्व विकास के लिए उनकी पहुंच में बड़ा दर्पण व कंघी रखने व चहारदीवारी और बरामदों में बच्चों की ऊंचाई मापने के लिए जिराफ व लंगूर जैसे चित्र बनवाने के निर्देश भी दिए गए।
मध्यान्ह भोजन योजना के तहत निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन तैयार कराने, गुणवत्तापूर्ण तेल-मसालों और नमक का प्रयोग करने व नियमानुसार फल व दूध का वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया। बच्चों को पंक्तिबद्ध बैठाकर व्यवस्थित तरीके से भोजन कराने और भोजन के दौरान शिक्षकों की रोस्टर के अनुसार ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए। विद्यालयों में संचालित विद्यालय प्रबंध समिति, शिक्षक-अभिभावक बैठक और इको क्लब सहित अन्य समूहों को सक्रिय कर नियमित बैठकें आयोजित करने पर भी जोर दिया गया।
विद्यालयों के सेवित क्षेत्र में ईंट-भट्ठों, झुग्गी-झोपड़ियों और घुमंतू परिवारों के छह से 14 वर्ष तक के बच्चों को चिह्नित कर उनका विद्यालय में नामांकन कराने और शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के निर्देश दिए गए। जर्जर भवनों और कक्षाकक्षों में बच्चों को नहीं बैठाने तथा ऐसी स्थिति मिलने पर तत्काल सूचना उपलब्ध कराने को कहा गया। विद्यालयों में समय-सारणी का पालन और घंटी बजाने की व्यवस्था अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश भी दिए गए।
आपरेशन कायाकल्प के तहत निर्धारित 19 बिंदुओं पर कार्य पूरा कराने के साथ रनिंग वाटर, हैंडवाश यूनिट, शौचालय, मूत्रालय और दिव्यांग सुलभ शौचालय को क्रियाशील रखने तथा परिसर में उगे झाड़-झंखाड़ की सफाई कराने पर जोर दिया गया। खंड शिक्षा अधिकारी ने सभी शिक्षकों से निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा, नियमित उपस्थिति और विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में एआरपी डीके श्रीवास्तव, विनोद कुमार मिश्रा, सवीना बानो और रेनू वर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने शिक्षकों को विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक जानकारी देते हुए निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रेरित किया।
