कौशाम्बी: खंड शिक्षा अधिकारी सिराथू के निर्देश पर उच्च प्राथमिक विद्यालय नौगीरा में गुरुवार को बाल क्लब एवं शिक्षक दायित्व प्रबंधन बोर्ड का गठन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में विभिन्न क्लबों का गठन कर छात्र-छात्राओं को सुरक्षा, अनुशासन, स्वच्छता तथा विद्यालय प्रबंधन से जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गईं। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक विकास कुमार के निर्देशन में संपन्न हुआ।
विद्यालय में सुरक्षा एवं अनुशासन क्लब, स्वच्छता एवं सेनिटेशन क्लब, मध्याह्न भोजन (एमडीएम) क्लब तथा मुख्य द्वार सुरक्षा एवं रोस्टर क्लब का गठन किया गया। प्रत्येक क्लब में चार-चार छात्र-छात्राओं को बाल प्रहरी नामित करते हुए संबंधित शिक्षकों को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई।
सुरक्षा एवं अनुशासन क्लब में नितिन, दिव्यांशु, जानवी और दीपांशु को बाल प्रहरी बनाया गया तथा कुलदीप सिंह को नोडल शिक्षक नियुक्त किया गया। स्वच्छता एवं सेनिटेशन क्लब में अनमोल कुमार, रोहित कुमार, खुशी और आदिल को जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि नंदलाल सिंह को इसका नोडल बनाया गया। मध्याह्न भोजन (एमडीएम) क्लब में उमेश कुमार, दुर्गेश, गुड़िया देवी और राधिका देवी को बाल प्रहरी बनाया गया तथा मृत्युंजय सिंह को नोडल शिक्षक नामित किया गया। मुख्य द्वार सुरक्षा एवं रोस्टर क्लब में अमन, अभिषेक, अंश कुमार और विमलेश कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई।
प्रधानाध्यापक विकास कुमार ने कहा कि क्लबों के गठन का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी की भावना और सामूहिक कार्य संस्कृति का विकास करना है। उन्होंने बताया कि इन क्लबों के माध्यम से बच्चों की सक्रिय भागीदारी से विद्यालय को सुरक्षित, स्वच्छ एवं अनुशासित बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे।
