Education
🔴 Breaking

विद्यालयों में शिक्षण संवर्धन को लेकर शिक्षकों ने किया मंथन

कड़ा के उच्च प्राथमिक विद्यालय अंदावा में हुई शहजादपुर संकुल की शिक्षक संकुल बैठक

6 views

कौशाम्बी: कड़ा ब्लाक के न्याय पंचायत शहजादपुर की मासिक शिक्षक संकुल बैठक मंगलवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय अंदावा में आयोजित की गई। बैठक में परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को प्रभावी बनाने, बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार लाने और विद्यालयों को निपुण बनाने को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।

बैठक में दस शिक्षण सूत्र, कैच-अप गतिविधियों, पठन संस्कृति और हॉलिस्टिक रिपोर्ट कार्ड के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। संकुल शिक्षक रिया सेठी ने कैच-अप गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इनके माध्यम से बच्चों की सीखने की कमियों को चिह्नित कर उन्हें निर्धारित दक्षताओं तक पहुंचाने में मदद मिलती है। उन्होंने बिग बुक के प्रभावी उपयोग की जानकारी देते हुए कक्षा शिक्षण को अधिक रुचिकर एवं गतिविधि आधारित बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने हॉलिस्टिक रिपोर्ट कार्ड के संबंध में भी शिक्षकों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हॉलिस्टिक रिपोर्ट कार्ड के माध्यम से बच्चों के सीखने के साथ-साथ उनके समग्र विकास की प्रगति को समझने में मदद मिलती है। शिक्षकों को इसका नियमित व प्रभावी उपयोग कर बच्चों की शैक्षिक प्रगति के साथ उनकी अन्य क्षमताओं पर भी ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया।

नोडल शिक्षक संकुल अखिलेश शुक्ला ने विद्यालयों को निपुण बनाने के लिए आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे की सीखने की स्थिति का नियमित आकलन कर उसके अनुरूप शिक्षण रणनीति तैयार की जानी चाहिए। कमजोर बच्चों की पहचान कर उनके लिए उपचारात्मक एवं गतिविधि आधारित शिक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि दस शिक्षण सूत्रों को कक्षा शिक्षण में प्रभावी रूप से अपनाने से बच्चों की सीखने की क्षमता को बेहतर बनाया जा सकता है।

बैठक में बच्चों में नियमित पढ़ने की आदत विकसित करने तथा विद्यालय की पुस्तकालय सामग्री व उपलब्ध शिक्षण संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने पर भी जोर दिया गया। पठन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की भाषा समझ, शब्द भंडार और अभिव्यक्ति क्षमता को मजबूत करने के लिए शिक्षकों को निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया गया।

निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए विद्यालय स्तर पर कार्ययोजना तैयार करने, बच्चों की नियमित प्रगति पर नजर रखने और सीखने की जरूरत के अनुसार शिक्षण गतिविधियां संचालित करने पर विचार-विमर्श किया गया। शिक्षकों ने अपने-अपने विद्यालयों में किए जा रहे नवाचारों व शैक्षिक गतिविधियों को भी साझा किया।

इस अवसर पर प्रधानाध्यापक मनोज द्विवेदी, शिक्षक संकुल राकेश सिंह, अनुपम केशरवानी, शिक्षक शिवबरन, प्रदीप सिंह, नीलम सिंह, संगीता सिंह, कमलेश कुमारी, धीरेंद्र सिंह, धर्मेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, प्रतिभा सिंह, माया सिंह, सूर्य प्रकाश, रामधन सहित न्याय पंचायत शहजादपुर संकुल के शिक्षक एवं शिक्षामित्र उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने और विद्यालयों को निपुण बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया।