Education
🔴 Breaking

विशेष टीईटी में शिक्षा मित्रों को शामिल न करने पर जताया रोष

शासनादेश में शिक्षा मित्रों को शामिल करने की मांग, सरकार से संवाद के जरिए समाधान की पहल

17 views

विशेष टीईटी में शिक्षा मित्रों को शामिल न करने पर जताया रोष

शासनादेश में शिक्षा मित्रों को शामिल करने की मांग, सरकार से संवाद के जरिए समाधान की पहल

मांग पूरी नहीं हुई तो सड़क से सदन तक आंदोलन की चेतावनी

प्रयागराज । चंद्रशेखर आजाद पार्क में रविवार को प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। इसमें सरकार की ओर से शिक्षकों के लिए विशेष टीईटी कराए जाने को लेकर जारी शासनादेश में शिक्षा मित्रों को शामिल नहीं किए जाने पर पदाधिकारियों और शिक्षा मित्रों ने रोष जताया। बैठक में सरकार से विशेष टीईटी में शिक्षा मित्रों को भी शामिल किए जाने की मांग की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन इस संबंध में सरकार से लगातार संवाद कर रहा है। मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर न्यायालय की शरण लेने के साथ आंदोलन किया जाएगा।

बैठक से पूर्व प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष शिव कुमार शुक्ला ने महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद शिक्षा मित्रों ने प्रदेश अध्यक्ष शिव कुमार शुक्ला और प्रदेश पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष शिव कुमार शुक्ला ने कहा कि संगठन सरकार के साथ संवाद कर रहा है, ताकि विशेष टीईटी में शिक्षा मित्रों को शामिल किया जा सके। उन्होंने कहा कि शिक्षा मित्र लंबे समय से परिषदीय विद्यालयों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में विशेष टीईटी में उन्हें शामिल किया जाना न्यायसंगत होगा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस मांग पर विचार नहीं करती है तो संगठन न्यायालय की शरण लेगा। साथ ही शिक्षा मित्र हितों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष किया जाएगा।

प्रदेश उपाध्यक्ष एवं वाराणसी जिलाध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि संघ के लगातार प्रयासों से शिक्षा मित्रों के मानदेय में वृद्धि और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। संगठन आगे भी शिक्षा मित्रों की समस्याओं के समाधान के लिए मजबूती से प्रयास करता रहेगा।

प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रयागराज जिलाध्यक्ष वसीम अहमद ने कहा कि विशेष टीईटी में शिक्षा मित्रों को शामिल किया जाना संगठन की प्रमुख मांग है। यदि सरकार ने शिक्षा मित्रों को विशेष टीईटी में शामिल नहीं किया तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा मित्र अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करेंगे।

कौशांबी जिलाध्यक्ष रत्नाकर सिंह ने सरकार के रवैये पर अप्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सरकार ने शिक्षकों, शासकीय-अशासकीय अध्यापकों और स्पेशल एजुकेटर को विशेष टीईटी में शामिल किया है, उसी प्रकार शिक्षा मित्रों को भी इसमें शामिल किया जाना चाहिए। शिक्षा मित्रों को इस प्रक्रिया से अलग रखना उचित नहीं है।

बैठक में जनार्दन तिवारी, विनय पटेल सहित कई शिक्षा मित्रों ने अपने विचार रखे। सभी ने विशेष टीईटी में शिक्षा मित्रों को शामिल किए जाने की मांग का समर्थन किया।

इस दौरान ब्लाक अध्यक्ष कौशांबी जितेंद्र कुमार तिवारी, नितेंद्र द्विवेदी, विजय बहादुर सरोज, तलत, प्रहलाद, बीरेंद्र कुमार सहित प्रयागराज मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों शिक्षा मित्र मौजूद रहे।