कौशाम्बी: भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के मार्गदर्शन में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) की ओर से बुधवार को प्राथमिक विद्यालय टाउन एरिया, चायल में वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों एवं अभिभावकों को सुरक्षित निवेश, वित्तीय योजना तथा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एनएसई की सेबी स्मार्ट प्रशिक्षक आरती हरिचंद्र ने कहा कि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज देश का सबसे बड़ा एवं तकनीकी रूप से उन्नत स्टॉक एक्सचेंज है, जो निवेशकों को सुरक्षित, पारदर्शी और आधुनिक निवेश की सुविधा उपलब्ध कराता है। उन्होंने नियमित बचत, पारिवारिक बजट प्रबंधन, म्यूचुअल फंड में एसआईपी, डिमैट खाते के माध्यम से दीर्घकालिक निवेश तथा निवेशकों के अधिकारों की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सेबी स्कोर्स (SEBI SCORES) निवेशकों के लिए एक ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणाली है, जिसके माध्यम से सूचीबद्ध कंपनियों, स्टॉक ब्रोकर एवं अन्य पंजीकृत बाजार मध्यस्थों के विरुद्ध शिकायत दर्ज कर उसकी प्रगति और समाधान की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। साथ ही उन्होंने सेबी की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-266-7575 एवं 1800-22-7575 की भी जानकारी दी।
साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए आरती हरिचंद्र ने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक खाते की गोपनीय जानकारी अथवा पासवर्ड साझा न करें। यदि कोई ऑनलाइन ठगी या वित्तीय साइबर अपराध का शिकार हो जाए तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कर सहायता प्राप्त करें।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों एवं अभिभावकों ने सुरक्षित निवेश, वित्तीय प्रबंधन और साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका प्रशिक्षक ने विस्तार से समाधान किया। प्रतिभागियों ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापक आरती यादव, सहायक अध्यापक रघुनाथ द्विवेदी, सांत्वना बिहुलिया, अमरेंद्र सिंह एवं नजमी खातून, रसोइया अंजू देवी तथा अभिभावक जुबेदा और सितारा बेगम उपस्थित रहीं।
